एस एम सी बैठक के साथ सत्र का समापन,अध्यक्ष को दी भावभीनी विदाई

मार्च माह के अंतिम तीन दिनों में विद्यालय में अवकाश होने के कारण दिनांक 28 मार्च 2024 को राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में शैक्षिक सत्र 2023-24 का समापन विद्यालय प्रबंधन समिति की आमसभा की बैठक में विद्यालय की शैक्षिक प्रगति पर चर्चा तथा शैक्षिक सत्र 2023-24 के परीक्षाफल वितरण के साथ किया गया।

SMC meeting and annual examination report distribution at gps

बैठक का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुदेश देवी तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सोलंकी ने ज्ञान की देवी माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में प्रत्येक कक्षा में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्रा को पुरुस्कृत किया गया और विद्यालय प्रबंधन समिति की वर्तमान अध्यक्ष सुदेश देवी का तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर उन्हें विदाई दी गयी।

सर्वप्रथम विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सोलंकी ने शैक्षिक सत्र 2023-24 में किये गये कार्यों तथा छात्रों एवं विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। बैठक में विद्यालय की प्रगति पर चर्चा की गयी तथा नवीन शैक्षिक सत्र 2024-25 के लिए कार्य योजना तैयार की गयी। अपनी कक्षा में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने के लिये कक्षा 5 से आरुषि पुन, कक्षा 4 से अनन्या, कक्षा 3 से दिशा, कक्षा 2 से अंशिका तथा कक्षा 1 से कोमल को पुरुस्कृत किया गया। तत्पश्चात सभी अभिभावकों को उनके पाल्यों के शैक्षिक प्रगति पत्र (रिपोर्ट कार्ड) सौंपे गये।

अंत में 3 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करने पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुदेश देवी को अच्छे स्वास्थ्य, जीवंतता एवं सौभाग्य का प्रतीक फिलोडेन्ड्रोन का पौधा भेंट कर विदाई दी गयी। इस अवसर पर बैठक को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि मेरा पुत्र कक्षा 1 से इसी विद्यालय में पढ़ रहा है और आज वह कक्षा 5 पास करके आगे जा रहा है। वह 5 वर्षों से निरंतर विद्यालय को देख रही हैं। इन 5 वर्षों में विद्यालय ने उल्लेखनीय प्रगति की है। अपने स्वच्छ परिवेश के लिये 2022 में विद्यालय को स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। शैक्षिक गुणवत्ता में विद्यालय के छात्र तथा शिक्षक निरंतर अच्छा कार्य करते हुये विभिन्न मंचों पर प्रत्येक वर्ष पुरस्कार प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय में स्मार्ट टीवी के माध्यम से ऑनलाइन कक्षायें भी चलायी जा रही हैं। उन्होंने विद्यालय की उन्नति की कामना करते हुए सभी सदस्यों से विदा ली। सभी सदस्यों ने उनके योगदान के लिये धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुदेश देवी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सोलंकी, सहायक अध्यापिकायें उषा चौधरी, रुचि सेमवाल, मीना घिल्डियाल, मधुलिका तथा पूजा पुन, प्रिया थापा, देवेन्द्र प्रसाद पैन्यूली, ललित, विनोद थापा, गुलिस्ता, मेहशर जहाँ, यासीन, संजीद आलम, रेखा कश्यप, लक्ष्मी देवी, विमला देवी, नीलिमा थापा, जसकरण, रमजानो बीबी, जैतून बीबी, कावेन्द्र सिंह, अजय कुमार, कविता सोलंकी, गुड़िया, शोभा देवी, उमेश शर्मा, रश्मि, जागेश कुमार, पंकज कुमार, सरोज पोखरियाल समेत सभी अभिभावक उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

युवा सशक्तिकरण और जनहित के मुद्दों को लेकर मैंदोली ने की मुख्यमंत्री से भेंट

नवोदय विद्यालय में चयन पर छात्रा का सम्मान: अभिभावकों ने दी बधाई

युवा सशक्तिकरण और जनहित के मुद्दों को लेकर मैंदोली ने की मुख्यमंत्री से भेंट