वन्य जीव संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
देहरादून, 4 अक्टूबर। वन्य जीव सप्ताह (2 अक्टूबर - 8 अक्टूबर) के अंतर्गत राजाजी टाइगर रिजर्व की रामगढ़ रेंज के द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में एक गोष्ठी एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के मन में तथा उनके माध्यम से अभिभावकों एवं समाज में वन तथा वन्य जीवों के प्रति लगाव एवं संवेदनशीलता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम की आयोजक वन क्षेत्राधिकारी उर्वशी गौतम ने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व वन तथा विभिन्न प्रकार के वन्य जीवों से समृद्ध एक विशाल टाइगर रिजर्व है। वन तथा वन्य जीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिये प्रत्येक वर्ष 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक पूरे भारतवर्ष में वन्य जीव सप्ताह मनाया जाता है, जिसके अंतर्गत विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी, जागरूकता रैली इत्यादि विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। उन्होंने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघ, हाथी, तेंदुआ, सांभर, हिरन, बंदर समेत सैकड़ों प्रकार के वन्य जीव तथा वनस्पति पायी जाती है। हमें वन्य जीवों के प्रति दया...