राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में उत्साहपूर्वक आयोजित हुई बाल चौपाल, बच्चों ने प्रदर्शित किए शैक्षिक एवं रचनात्मक कौशल
देहरादून, 19 नवंबर। राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में आज अजीम प्रेम जी फाउंडेशन के सहयोग से बाल चौपाल का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। बाल चौपाल में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न शैक्षिक, रचनात्मक, कौशलात्मक एवं खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, अभिव्यक्ति कौशल, कल्पनाशीलता और सृजनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को सीखने-सिखाने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए एक सृजनात्मक मंच उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद्र रमोला तथा विशिष्ट अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी रायपुर हेमलता गौड़ उनियाल ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया।
बाल चौपाल के आयोजन एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 बच्चों के समग्र विकास, अनुभव आधारित शिक्षण, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति तथा नेतृत्व क्षमता को विशेष महत्व देती है। इसी उद्देश्य को सार्थक करने के लिए अजीम प्रेम जी फाउंडेशन के सहयोग से विद्यालय में बाल चौपाल आयोजित की गई है। इस मंच के माध्यम से बच्चे अपनी रुचि, प्रतिभा और विभिन्न कौशलों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास, सहयोग और सहभागिता की भावना विकसित कर रहे हैं।
बाल चौपाल में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा अनेक रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। इनमें कौशलात्मक खेल, टंग ट्विस्टर्स, शब्दों एवं अंकों पर आधारित खेल, क्राफ्ट कार्य, कहानी पूरी करो, चित्रों के आधार पर कहानी निर्माण जैसी गतिविधियां शामिल रहीं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को भाषा कौशल, तार्किक चिंतन, कल्पनाशीलता, समस्या समाधान तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति के अवसर प्रदान किए गए। बच्चों ने गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा कचरा पृथक्करण, कबाड़ से जुगाड़ तथा विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षिक एवं सहगामी गतिविधियों पर आधारित आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के पुनः उपयोग, स्वच्छता तथा सीखने की विभिन्न प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारियां प्रस्तुत कीं। विद्यालय में ओजीआई इंटरनेशनल स्पोर्ट्स के सहयोग से संचालित खेल गतिविधियों पर आधारित स्टॉल भी लगाया गया, जहां खेलों के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास की जानकारी प्रस्तुत की गई। अतिथियों एवं उपस्थित अभिभावकों ने सभी गतिविधियों और स्टॉलों का अवलोकन कर बच्चों के प्रयासों की सराहना की।
विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रमुख एकता राणा एवं स्वयंसेवी प्रियंका द्वारा छात्र-छात्राओं तथा उपस्थित अभिभावकों को शौचालय के सही उपयोग, स्वच्छता, स्वास्थ्य, साफ-सफाई की आदतों और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस अवसर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा बच्चों में स्वस्थ व्यवहार विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी रायपुर हेमलता गौड़ उनियाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा सीखने की प्रक्रिया को रोचक एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में आयोजित बाल चौपाल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा बेहतरीन कार्य किया जा रहा है। इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर अनुभव के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करती हैं।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद्र रमोला ने कहा कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ उनके क्षेत्र का एक बेहतरीन विद्यालय है, जो विभिन्न शैक्षिक एवं पाठ्य सहगामी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यालय में आयोजित बाल चौपाल की सराहना करते हुए शिक्षकों, बच्चों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद्र रमोला, खण्ड शिक्षा अधिकारी रायपुर हेमलता गौड़ उनियाल, क्षेत्रीय समाजसेवी राहुल सेमवाल, नरेश राणा, अक्षत सकलानी, जगदीश भट्ट, अजीम प्रेम जी फाउंडेशन के अशोक मिश्रा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापक मीना घिल्डियाल, मधुलिका, वीरेंद्र उनियाल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर-1 की सहायक अध्यापिका सुनीता रावत, डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया कार्यक्रम की जिला प्रमुख एकता राणा, सम्पर्क फाउंडेशन के जिला प्रभारी विवेक हटवाल, अक्षय पात्र फाउंडेशन की स्कूल रिलेशनशिप मैनेजर प्रीति राणा, ओजीआई इंटरनेशनल स्पोर्ट्स के ट्रेनर आशीष डबराल, डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया कार्यक्रम की स्वयंसेवी प्रियंका, भोजन माता लक्ष्मी देवी एवं विमला देवी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
बाल चौपाल के माध्यम से विद्यालय परिसर बच्चों की प्रतिभा, नवाचार, रचनात्मकता और सीखने के आनंद से सराबोर रहा। आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब बच्चों को सीखने, सोचने, करने और अपनी बात रखने के लिए अवसर एवं मंच मिलता है, तो वे अपनी क्षमताओं का शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा को और अधिक आनंददायक एवं सार्थक बना सकते हैं।
Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने सुझाव/राय देने अथवा अधिक जानकारी प्राप्त करने हेतु यहाँ लिखें..