डायट देहरादून में बुनियादी अवस्था हेतु कहानी एवं गतिविधि पुस्तिका निर्माण कार्यशाला सम्पन्न

देहरादून। बुनियादी अवस्था के बच्चों में भाषा एवं गणितीय दक्षताओं को विकसित करने तथा शिक्षण को अधिक रोचक, सहज और गतिविधि आधारित बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) देहरादून में 17 से 21 नवंबर तक कहानी एवं गतिविधि पुस्तिका निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ डायट देहरादून की प्राचार्य श्रीमती मंजू भारती ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बुनियादी अवस्था में बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी एवं आनंददायी बनाने के लिए कहानी, चित्र और गतिविधि आधारित शिक्षण सामग्री बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रतिभागियों को रचनात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला के दौरान कक्षा दो एवं तीन के विद्यार्थियों के लिए चित्र आधारित कहानियों तथा भाषा और गणित विषयों की गतिविधि आधारित पुस्तिकाओं के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। चित्रों के माध्यम से बच्चों की कल्पनाशीलता, सृजनात्मकता, मौखिक अभिव्यक्ति और पठन कौशल विकसित करने वाली कहानियां तैयार की गईं। वहीं भाषा विषय में शब्द ज्ञान, वाक्य निर्माण, पठन एवं लेखन कौशल तथा गणित में संख्या ज्ञान, जोड़, घटाव और आकृतियों जैसी अवधारणाओं को सरल एवं रोचक गतिविधियों के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए सामग्री विकसित की गई।

कार्यशाला में प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के सहायक अध्यापकों तथा कला शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। शिक्षकों ने अपने अनुभव, विषयगत ज्ञान और रचनात्मक कौशल के माध्यम से बच्चों के लिए उपयोगी एवं आकर्षक शिक्षण सामग्री तैयार की।

कार्यशाला के समन्वयक डॉ. विजय सिंह रावत, प्रवक्ता डायट देहरादून ने विभिन्न सत्रों में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए कार्यशाला के उद्देश्यों एवं अपेक्षित परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कहानी, चित्र और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने के अवसर प्रदान करने से उनकी समझ, कल्पनाशीलता, तार्किक चिंतन एवं अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित करने में मदद मिलती है।

कार्यशाला के संचालन एवं गतिविधियों के संपादन में डायट प्रवक्ता श्री प्रणय बहुगुणा एवं श्री शिशुपाल सिंह बिष्ट ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

कार्यशाला में तैयार चित्र आधारित कहानियां एवं भाषा तथा गणित की गतिविधि आधारित पुस्तिकाएं बुनियादी अवस्था के बच्चों के शिक्षण-अधिगम को अधिक सहज, सरल, आनंददायी एवं प्रभावशाली बनाने में उपयोगी सिद्ध होंगी। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

Comments

Popular posts from this blog

कलम मेरी खामोश नहीं

उपलब्धि:उत्तराखंड के वैज्ञानिक को मिला प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पुरस्कार

दुर्गम विद्यालय को सफलता की मिसाल बनाने वाले शिक्षक राकेश पोखरियाल को उत्तराखंड गौरव रत्न