राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ का दून पुस्तकालय में प्रमोशन, गीत ‘जागर’ का विमोचन
ढोल वादकों को किया गया सम्मानित, क्षेत्रीय सिनेमा को आगे बढ़ाने पर हुआ मंथन
देहरादून, 23 नवंबर। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ के प्रचार-प्रसार को लेकर सोमवार को दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फिल्म के चौथे गीत ‘जागर’ का लोकार्पण किया गया। इस दौरान उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक वाद्य यंत्रों, क्षेत्रीय सिनेमा की संभावनाओं और लोक कलाकारों के योगदान पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में पारंपरिक ढोल वादकों को सम्मानित कर लोक वाद्य परंपरा के संरक्षण में उनके योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) संजय जसोला ने कहा कि गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। यह सम्मान प्रदेश की लोक संस्कृति और रचनात्मक परंपराओं की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने फिल्म के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से जुड़ने तथा नई पीढ़ी तक फिल्म की विषयवस्तु पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यावरणविद् एवं मैती आंदोलन के प्रणेता कल्याण सिंह रावत ‘मैती’ ने की। उन्होंने कहा कि फिल्म को मिला राष्ट्रीय सम्मान केवल फिल्म की टीम की उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्तराखंड के ढोल वादकों, लोक कलाकारों और सांस्कृतिक समाज का सम्मान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस उपलब्धि से प्रदेश के युवा क्षेत्रीय भाषा और लोक संस्कृति पर आधारित फिल्म निर्माण के लिए प्रेरित होंगे।
विशिष्ट अतिथि एडवोकेट ललित जोशी ने फिल्म के ट्रेलर, संगीत और दृश्यांकन की सराहना करते हुए क्षेत्रीय फिल्मों के प्रचार के लिए बेहतर इवेंट मैनेजमेंट तथा संस्थाओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सहयोग से विशेष शो आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने ढोल वादकों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
वरिष्ठ रंगकर्मी अभि नंदा ने अपनी संस्था ‘जागृति संस्था’ के माध्यम से फिल्म के प्रचार-प्रसार में सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रंगमंच और सिनेमा के बीच बेहतर समन्वय से उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को व्यापक मंच मिल सकता है।
फिल्म के निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने फिल्म के निर्माण, उसकी विषयवस्तु और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि फिल्म में उत्तराखंड की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक परिवेश और पारंपरिक कलाकारों के योगदान को प्रमुखता दी गई है। उन्होंने फिल्म को मिले राष्ट्रीय सम्मान को पूरी टीम और प्रदेश के लोक कलाकारों की सामूहिक उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर फिल्म निर्देशक आशु चौहान, बीना बिश्नोई, संतोष डिमरी, प्रतीक पंवार, नवीन कंडवाल और मोहित घिल्डियाल सहित अन्य वक्ताओं ने भी क्षेत्रीय सिनेमा के विकास, स्थानीय कलाकारों को अवसर देने और डिजिटल माध्यमों के जरिए लोक संस्कृति को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर विचार रखे।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की कला, संस्कृति, रंगमंच और लोक परंपराओं के क्षेत्र में योगदान के लिए ढोल वादकों को सम्मानित किया गया। रुद्रप्रयाग के पारंपरिक ढोल वादक धनीराम और कुलदीप का विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर मदन मोहन डुकलान, अमित कपूर, कुलानंद घनशाला, रमाकांत बेंजवाल, मोहन प्रसाद डिमरी, अजय जोशी, चंद्रशेखर तिवारी, नीरा नंदा, दिनेश बौड़ाई, सुनील बडोनी, डॉ. डी.के. पाण्डे, परिणिता बडोनी, सुंदर बिष्ट, ज्ञान प्रकाश, बद्रीश छाबड़ा और शैलेन्द्र सेमवाल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में रंगकर्मियों, फिल्म कलाकारों, पत्रकारों, साहित्यकारों, लेखकों, पॉडकास्टर्स और संस्कृति प्रेमियों ने सहभागिता की। उपस्थित लोगों ने फिल्म ‘ढोली’ की राष्ट्रीय उपलब्धि को उत्तराखंड के क्षेत्रीय सिनेमा के लिए उत्साहजनक बताते हुए फिल्म की टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन गायत्री टम्टा ने किया। अंत में फिल्म की टीम की ओर से सभी अतिथियों और सहभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने सुझाव/राय देने अथवा अधिक जानकारी प्राप्त करने हेतु यहाँ लिखें..