विज्ञान महोत्सव 2026: बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा, विज्ञान नाट्य में होशियार सिंह बुद्धुमल जैन इंटर कॉलेज रहा प्रथम
हरबर्टपुर , देहरादून, 22 अक्टूबर। पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज, हरबर्टपुर में विकासखंड विकासनगर का दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय विज्ञान महोत्सव 2026 उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। महोत्सव में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने विज्ञान मॉडल, नवाचार और विज्ञान नाटकों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, तार्किक चिंतन और नवाचार की भावना विकसित करना रहा।
सात उप-विषयों पर प्रस्तुत किए वैज्ञानिक मॉडल
बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ रखा गया। प्रतियोगिता जूनियर और सीनियर वर्गों में आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने समसामयिक चुनौतियों के समाधान पर आधारित मॉडल और विचार प्रस्तुत किए।
प्रदर्शनी में बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण, गणितीय प्रतिरूपण एवं कंप्यूटेशनल चिंतन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, स्वदेशी कृषि पद्धति, ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान तथा आपदा प्रबंधन जैसे सात उप-विषयों को शामिल किया गया। इन विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह दिखाने का प्रयास किया कि विज्ञान और तकनीक का उपयोग दैनिक जीवन को बेहतर बनाने, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास में किस प्रकार किया जा सकता है।
विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में इन विद्यालयों ने मारी बाजी
महोत्सव के अंतर्गत ‘मानव जाति के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी’ विषय पर विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने नाटकों के माध्यम से विज्ञान के सकारात्मक उपयोग, सामाजिक जागरूकता और तकनीकी विकास के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में होशियार सिंह बुद्धमल जैन इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज, जस्सोवाला द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज, बद्रीपुर तृतीय स्थान पर रहे। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने विज्ञान को रोचक और जनसामान्य से जुड़ा विषय बनाने का संदेश दिया।
शिक्षाविदों ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन
कार्यक्रम में जिला समन्वयक सुधीर कांति, प्रधानाचार्य दीपक बंसल, प्रधानाचार्य धीरेन्द्र रावत, ब्लॉक विज्ञान समन्वयक डॉ. नरेश कुमार, सह-समन्वयक राजीव अग्रवाल, इंस्पायर्ड समन्वयक विजय द्विवेदी और विज्ञान लीग के जिला समन्वयक आर. एस. चौहान सहित अनेक शिक्षाविद एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त रवि अग्रवाल, नीलम डिमरी, अर्चना, अंजू जंगपांगी, मंजू कुकरेती, कमला चंद, ललित, गौतम, ओमप्रकाश और डॉ. कुलवंत ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
महोत्सव के समापन पर अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बाल वैज्ञानिकों को भविष्य में भी वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ विज्ञान को समाज और राष्ट्र के विकास से जोड़ने का अवसर प्रदान किया।
Comments
Post a Comment
पोस्ट पर अपने सुझाव/राय देने अथवा अधिक जानकारी प्राप्त करने हेतु यहाँ लिखें..