शिक्षक समस्याओं को लेकर संघ ने की वार्ता


देहरादून, 28 अक्टूबर। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन (उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ), ब्लॉक रायपुर की कार्यकारिणी ने बुधवार को शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर उप शिक्षा अधिकारी रायपुर हेमलता गौड़ उनियाल से वार्ता की। इससे पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में शिक्षकों के हितों, विद्यालयों में पठन-पाठन की व्यवस्था तथा विभागीय कार्यों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।


बैठक में अधिकांश प्राथमिक शिक्षकों को बीएलओ एवं जनगणना जैसे कार्यों में लगाए जाने से विद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रभावित होने पर चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने सुझाव दिया कि इन कार्यों में प्राथमिक शिक्षकों के अतिरिक्त अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी जिम्मेदारी दी जाए, ताकि विद्यालयों में नियमित पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हो सके।

चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान के एरियर का होगा भुगतान

उप शिक्षा अधिकारी से वार्ता के दौरान संगठन द्वारा सहयोग से तैयार कराए गए चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान के लंबित एरियर का भुगतान शीघ्र करने की मांग उठाई गई। इस पर उप शिक्षा अधिकारी ने आश्वस्त किया कि वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होते ही संबंधित शिक्षकों को एरियर का भुगतान कर दिया जाएगा।

ब्लॉक अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा कि वर्तमान में शिक्षकों से विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर छात्र-छात्राओं से संबंधित एक जैसी सूचनाएं बार-बार दर्ज कराई जा रही हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि सूचनाएं वर्ष में एक बार किसी एक पोर्टल पर दर्ज कराई जाएं तथा अन्य पोर्टलों पर उन्हें उसी से सिंक कर प्राप्त किया जाए। इससे शिक्षकों का समय बचेगा और वे शिक्षण कार्य पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।

बिना संसाधनों के ऑनलाइन कार्य का दबाव अनुचित

ब्लॉक मंत्री बिनोद सिंह असवाल ने कहा कि विद्यालयों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए बिना शिक्षकों पर ऑनलाइन कार्यों का दबाव बनाना उचित नहीं है। उन्होंने प्रत्येक विद्यालय में कंप्यूटर एवं इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।

संगठन ने अपार आईडी नहीं बनने पर शिक्षकों का वेतन रोके जाने को भी अनुचित बताया। पदाधिकारियों ने कहा कि अभिभावकों की सहमति न मिलना तथा आधार कार्ड में दर्ज विवरण में विसंगति जैसी कई वजहों से अपार आईडी बनने में कठिनाई आती है। ऐसे में केवल शिक्षक को जिम्मेदार ठहराकर वेतन रोकना न्यायसंगत नहीं है।

खेल प्रतियोगिताओं और अन्य विभागीय समस्याओं पर भी चर्चा

वार्ता में विभागीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने, पीएम पोषण योजना के अंतर्गत एसएमएस व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विशेष शिक्षकों को उनके संबंधित विद्यालयों में नियुक्त करने तथा बैग एवं जूते के लिए आवंटित धनराशि के उपभोग से जुड़े विषय भी उठाए गए।

इसके अतिरिक्त अवकाश के दिनों में भवन गणना एवं बीएलओ संबंधी कार्यों में लगाए जाने पर नियमानुसार उपार्जित एवं प्रतिकर अवकाश स्वीकृत करने की मांग की गई। उप शिक्षा अधिकारी हेमलता गौड़ उनियाल ने संगठन को आश्वस्त किया कि उठाए गए सभी प्रकरणों का यथाशीघ्र निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद

वार्ता में ब्लॉक अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी, मंत्री बिनोद सिंह असवाल, कोषाध्यक्ष प्रशांत सकलानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गीता लिंगवाल, संयुक्त मंत्री संजय कुमार, संरक्षक रविंद्र नाथ उपाध्याय, उपाध्यक्ष विमला रावत, फरस राम कोठारी, संगीता गैरोला एवं राजेश्वरी थपलियाल, उपमंत्री प्रमोद कुमार, संगठन मंत्री प्रकाश पुरोहित एवं भारती क्षेत्री, प्रचार मंत्री सुनीता रावत, अंजलि सेठी, कांति रावत एवं गीता गौड़, लेखाकार रीता परमार तथा मीडिया प्रभारी सुधीर जखमोला सहित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

कलम मेरी खामोश नहीं

उपलब्धि:उत्तराखंड के वैज्ञानिक को मिला प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पुरस्कार

विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में छात्रों की प्रगति पर चर्चा, निशुल्क नोट बुक्स का हुआ वितरण